सिद्धार्थनगर। बांसी तहसील क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब महानगरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। गरीब परिवारों के बच्चों के लिए नीट, जेईई व सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए शहर के रतनसेन के इंटर कॉलेज में 16 अगस्त से अभ्युदय की कक्षाएं शुरू होंगी। बांसी में कोचिंग सेंटर बनाए जाने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उल्लास है।
जुलाई में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की शुरुआत जिला मुख्यालय पर होने पर बांसी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी व सीडीओ को पत्र लिखकर जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन जाने में असमर्थता व्यक्त की थी। साथ ही बांसी कस्बे में कोचिंग शुरू करने की मांग की थी। विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने कोचिंग को संचालित करने ले लिए बांसी कस्बे के रतन सेन इंटर कालेज के तीन कमरों को आरक्षित कर शिक्षकों का भी चयन कर लिया है।
-
मैं इंटर का छात्र हूं। इंटर के बाद तैयारी करने के लिए शहर से बाहर जाना पड़ता, लेकिन कस्बे में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की कक्षाएं शुरू होने से छात्राें का फायदा होगा। -आदित्य राज सोनी, छात्र
गरीब परिवारों के युवाओं के लिए अभ्युदय कोचिंग से काफी फायदा होगा। छात्राएं अब घर में ही रहकर कर तैयारी कर सकती हैं। शहर में कोचिंग सेंटर होने से दूर नहीं जाना पड़ेगा। -प्रियांशी, छात्रा
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महानगरों में जाना पड़ता था। जो गरीब व आम आदमी के लिए संभव नहीं था। यहां कोचिंग खुल जाने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। -तकदीम इमाम
-
वर्जन
बांसी क्षेत्र में 16 अगस्त से मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की कक्षाएं संचालित होंगी। इससे बांसी सहित इटवा और डुमरियागंज के छात्र-छात्राओं को भी सुविधा मिलेगी। -डॉ. राहुल गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी