आरोग्य मेले में 58 स्वास्थ्य केंद्रों पर जांची सेहत
स्वास्थ्य मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सर्वाइकल, कैंसर की स्क्रीनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने को लेकर शासन की ओर से प्रत्येक रविवार को लगने वाले आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आगाज हुआ। जिले के 58 स्वास्थ्य केंद्रों पर संपन्न मेले के शुभारंभ अवसर पर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री समेत क्षेत्रीय विधायकों की सक्रिय सहभागिता रही। मेले में ओपीडी, टीबी, मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार, फाइलेरिया व कुष्ठ रोग संबंधी जानकारी जांच एवं उपचार किया गया। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख स्तन एवं सर्वाइकल, कैंसर की स्क्रीनिंग व फालोअप भी हुआ। पीएम जन आरोग्य योजना एवं सीएम जन आरोग्य अभियान की जानकारी व गोल्डन कार्ड का वितरण किया गया।
बर्डपुर प्रतिनिधि के मुताबिक विकास खंड के ककरहवा कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने किया। मेले में सैकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ ही निशुल्क दवाइयां भी प्राप्त कीं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक कृत करते हुए उसमें ज्यादा से ज्यादा स्वास्थ्य संबंधी उपकरण मुहैया कराते हुए अस्पतालों को सुदृढ़ किया जा रहा है। मेला माह के प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा राय, सीएचसी बर्डपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध चंद्रा, ग्राम प्रधान बालमुकुंद जायसवाल, सूरज चौहान, संजीव श्रीवास्तव, अम्बरीष जायसवाल, कन्हैया पासवान, नितेश पांडेय, ओम प्रकाश यादव, सुरेंद्र यादव, अजय उपाध्याय, हरिशंकर तिवारी, राजेंद्र शुक्ला, प्रभाकर राय, चंद्रप्रकाश द्विवेदी, रमेश यादव, राम विलास वर्मा की उपस्थिति रही। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटहना में भाजपा के जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने उद्घाटन किया। बांसी के नगवा में आयुष्मान भारत की जिला समन्वयक डॉ. लक्ष्मी सिंह की अगुवाई में 55 लाभार्थियों का कार्ड बना। शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अतरी में विधायक चौधरी अमर सिंह ने उद्घाटन किया। अधीक्षक डॉ पंकज वर्माी ने बताया कि शोहरतगढ़ सीएचसी अंतर्गत जन आरोग्य केंद्र अतरी के अलावा मधवापुर में समाजसेवी अब्दुल कादिर व अलीदापुर में प्रधान जोहरा खातून ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का फीता काटकर उद्घाटन किया। शिवचंद्र भारती, सुरेंद्र पाल सिंह, गंगाधर द्विवेदी आदि मौजूद रहे। इटवा प्रतिनिधि के मुताबिक सीएचसी अंतर्गत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिगिना ठाकुर में 20 मरीज, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भदोखर में 65, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झकहिया में 60 व अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कठेला में 54 मरीज आये। बिस्कोहर प्रतिनिधि के मुताबिक बिस्कोहर सहित क्षेत्र के 27 मरीजों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मन्नीजोत प्रतिनिधि के मुताबिक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजौरा में आयोजित मेले में 52 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरी दवाएं दी गई। डॉ. आरएन पांडेय समेत तारा मिश्रा, अमीषा शाक्य, बलराम मिश्रा, रमेश कुमार मिश्रा, अंबुज श्रीवास्तव, रामनिवास चौधरी, रीता, मीरा, सरिता,आशा आदि उपस्थित रहे।
मंत्री पुत्र ने किया शुभारंभ
बांसी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी में उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री के पुत्र कुंवर अभय प्रताप सिंह ने किया। एसडीएम शिव मूर्ति सिंह, डॉ. आरके सिंह, डॉ. अश्विनी चौधरी, डॉ. ओंकार जायसवाल, रतन शंकर चौधरी, वाईके द्विवेदी मौजूद रहे। मेले में 287 रोगियों का परीक्षण किया गया। एक अन्य समाचार के मुताबिक न्यू पीएचसी मिठवल बाजार में आरोग्य मेला का आयोजन किया गया, जिसमें एलोपैथ आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विधि से कुल 122 रोगियों का इलाज किया गया। उद्घाटन क्षेत्र पंचायत सदस्य अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किया। एलोपैथी में डॉ. प्रियांशु पांडेय, डॉ. रवि शंकर त्रिपाठी, रामअवध, सीएचओ सपना की उपस्थिति रही।
डीएम ने जानी मेले की हकीकत
जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनकोला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकरहरा पर चल रहे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर ओपीडी रजिस्टर व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी। बताया कि इस योजना का कैंप प्रत्येक रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (ग्रामीण व शहरी) पर आयोजित होगा।
मेले में 536 का बना गोल्डन कार्ड
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले व गोल्डन कार्ड के विशेष कैंप के दौरान आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरे जिले में जन सेवा केंद्रों के संचालकों की मदद से 536 लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाया गया। यह जानकारी देते हुए आयुष्मान भारत योजना की जिला समन्वयक डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि ब्लॉक बांसी के नगवा में आयोजित गोल्डन कार्ड कैंप में 300 लाभार्थियों के सापेक्ष 55 कार्ड बनाए गए। इस मौके पर प्रधान पंकज पांडेय, संगिनी संध्या शुक्ला, आशा कार्यकर्ता प्रियंका की मौजूदगी रही।
फोटो कैप्सन-02एसडीएन80पी व 81पी-न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डुमरियागंज पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का शुभारंभ व कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह
227 मरीजों की जांच कर चिकित्सकों ने दी दवाएं
डुमरियागंज। नगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डुमरियागंज विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा 227 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। केन्द्र सरकार द्वारा गरीब परिवारों को पांच लाख तक का इलाज मुफ्त करने के लिए आयुष्मान भारत योजना संचालित कर लोगों को स्मार्ट कार्ड जारी कर उन्हें देश के सरकारी अस्पतालों में निशुल्क इलाज करने की व्यवस्था कर रखी है। विधायक ने बताया कि जन आरोग्य मेला प्रत्येक रविवार को सरकारी अस्पताल पर आयोजित किया जाएगा। इसमें मरीजों की जांच-पड़ताल और उन्हें इलाज के लिए दवाइयां दी जाएंगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक हों। इस दौरान स्वास्थ्य मेले में 227 मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच-पड़ताल करने के साथ ही उन्हें दवाइयां वितरित कीं। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण व जांच समय-समय पर कराते रहने की सलाह दी। इस दौरान एसडीएम त्रिभुवन कुमार, डॉ. एमएम अंसारी, डॉ. अजय आनंद, डॉ. राशिद, डॉ. एमएम त्रिपाठी, लवकुश ओझा, सोनू, भोलू सिंह, राहुल सिंह, सतेन्द्र पांडेय उर्फ बब्लू आदि मौजूद रहे।