फंदे से लटका मिला युवक का शव
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के खरगौरा गांव की है घटना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर/जोगिया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के खरगौरा गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव कमरे में छत के कुंडे से मफलर के सहारे लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार था। पिछले कई माह से उसका इलाज चल रहा था।
क्षेत्र के खरगौरा गांव निवासी ललकू उर्फ सुग्रीव (30) पुत्र दयाराम मानसिक रूप से बीमार था। पिछले कई माह से उसका इलाज चल रहा था। परिजनों के मुताबिक उसका दिमागी संतुलन भी ठीक नहीं रहता था। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चला गया था। रविवार की सुबह काफी देर बाद भी जब वह नहीं उठा तो परिजन दरवाजा खोलने के लिए गए। दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो संदेह व्यक्त करते हुए दरवाजे को तोड़ दिया। अंदर देखा तो कमरे में छत के कुंडे से मफलर के सहारे उसका शव लटक रहा था। आसपास के लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुग्रीव का एक लड़का और एक लड़की है। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ जोगिया आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।