त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर कोहल गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर कोहल गांव में ससुराल आए व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के वीरपुर कोहल गांव निवासी एनुल्लाह की बेटी सुरैया खातून की शादी वर्ष 2015 में बलरामपुर जनपद के कोतवाली उतरौला के छितरपाड़ा गांव निवासी वहीदुरहमान (38) के साथ हुई थी। मृतक वहीदुरहमान अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ मुंबई में रहता था। वहीदुर्हमान 15 दिन पहले पत्नी व बच्चों के साथ त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी एनुल्लाह के यहां अपनी ससुराल आया था।
बकौल सुरैया शनिवार को देर शाम वहीदुरहमान शराब के नशे में था। हम लोग छत पर चले गए। रात्रि करीब 11 बजे खाना खाने के लिए जगाने उसके कमरे में गई, जहां देखा कि पति वहीदुरहमान के मुंह, नाक से झाग निकल रहा था। उसने अपनी मां को बुलाया। मां ने हाथ पैर देखा तो उसकी सांसें बंद हो चुकी थीं।
रविवार को त्रिलोकपुर पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोपहर करीब चार बजे शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक अपने पीछे पत्नी सुरैया खातून आठ वर्षीय बेटी मरियम, छह वर्षीय मारिया व तीन साल के बेटे इरफान को छोड़ गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर चंदन कुमार ने कहा कि मृतक की पत्नी की सूचना पर मौके पर गया था। शव का पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।