त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर भड़रिया गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर स्थित भड़रिया गांव के पास शुक्रवार देर रात बेकाबू बाइक दीवार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। घायल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्षेत्र के भड़रिया निवासी गांव शमीमुर्हरमान (19) पुत्र हबीबुर्रहमान रात में घर से खाना खाकर गांव के अपने दोस्त शादाब (19) पुत्र निसार के साथ शुक्रवार को रात करीब 10:30 बजे शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर स्थित भड़रिया चौराहे पर अपनी सीएससी की दुकान पर जा रहे थे। घर से अपनी बाइक पर सवार होकर शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर अपनी दुकान से कुछ ही दूर पहले पहुंचे थे कि बेकाबू बाइक सड़क के किनारे बने एक घर की दीवार से टकरा गई।
हादसे में बाइक चालक शमीमुर्हरमान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे शादाब जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंच कर घायल शादाब को सीएचसी सिरसिया ले गए, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। वहां से परिजनों ने बेवां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।