पथरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी से पहले होने वाला पति अपनी होने वाली पत्नी से मिलने पहुंच गया। ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस को सौंप दिया।
क्षेत्र के एक गांव की एक युवती का विवाह बस्ती के एक गांव में तय है। मई में विवाह होना सुनिश्चित है। इसी बीच शादी तय होने के बाद वह दोनों एक- दूसरे से फोन पर बात करने लगे। बात करते-करते दोनों एक दूसरे से मिलना चाह रहे थे। शुक्रवार देर रात युवती का होने वाला पति उसके गांव पहुंच गया। गांव के बीच झाड़ में दोनों मिलने पहुंचे, इसी बीच झाड़ियों में कुछ हलचल देख गांव के लोग चोर समझकर शोर मचाने लगे।
इस दौरान होने वाली पत्नी फरार हो गई और ग्रामीणों ने चोर समझ कर उस युवक की धुलाई कर दी और रात्रि में ही पुलिस को फोन कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। होने वाले पति ने लोक लाज के डर से यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई। लेकिन शनिवार सुबह युवती ने सारी बात अपने परिजनों को बताई। जिसके बाद युवती के परिजनों ने थाने पर जाकर उस युवक को अपना होने वाला दामाद बताकर थाने से उसे रिहा कराकर उसे घर भेज दिया।
इस संबंध में प्रभारी इंचार्ज अवधेश पांडेय ने बताया है ग्रामीणों की सूचना पर उसे थाने लाया गया था। बाद में उस युवक के होने वाले ससुर ने आकर अपने होने वाले दामाद के रूप पहचान की, जिसके बाद में उसे छोड़ दिया गया।