विदाई में आलमारी नहीं देने पर विवाहिता को मौत के घाट उतारा
तहरीर पर दहेज हत्या में पति व सास पर केस दर्ज, जांच शुरू
सात अगस्त को फंदे से लटकी मिली थी निर्मला की लाश
लोटन कोतवाली क्षेत्र के ठोठरी गांव का है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के ठोठरी गांव में संदिग्ध हाल में फंदे से लटककर हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति व सास के खिलाफ शुक्रवार को दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के लकड़ा गांव निवासी प्रमिला पत्नी जगन्नाथ ने लोटन पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बहन निर्मला (20) की शादी 18 माह पूर्व क्षेत्र के ही ठोठरी गांव निवासी सूरज के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी में अपनी क्षमता के अनुसार उसने दान-दहेज दिया था। मगर विदाई में डेहरी व आलमारी न दे पाने की वजह से सास व पति अक्सर उसकी बहन को पीटते थे। फोन पर बहन द्वारा प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी गई थी। सात अगस्त की शाम को बहन की हत्या कर घर में फंदे से लटका दिया गया। किसी अन्य के माध्यम से बहन की मौत की जानकारी मिली थी। बहन की हत्या दहेज के लिए की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति व सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसओ लोटन अवधनारायन यादव ने बताया कि निर्मला की बहन की तहरीर पर सास शिवकुमारी व पति सूरज के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।