सड़क हादसे में युवती की मौत, एक घायल
नेपाल के भैरहवा में घायल युवती का इलाज जारी
सीमा से सटे दो अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कपिलवस्तु। भारत-नेपाल सीमा से सटे जिले कपिलवस्तु नेपाल में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बृहस्पतिवार को एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का इलाज नेपाल के भैरहवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जिला कपिलवस्तु नगरपालिका वार्ड नंबर आठ मैनिहवा में तौलिहवा से पकड़ी की तरफ आ रही भारतीय नंबर की स्कार्पियो ने भारतीय मूल निवासी सरस्वती चौधरी (22) को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्कार्पियो चालक भारत की तरफ भाग रहा था कि नेपाल पुलिस ने पीछा किया लेकिन गौरा बॉर्डर पर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। घायल युवती को मेडिकल कॉलेज भैरहवा में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दूसरी ओर, बुटवल उप महानगरपालिका बेस कैंप चौक पर स्कूटी सवार देवनगर निवासी सपना पौडेल (22) सड़क पार कर रही थीं। इस बीच अचानक एक कार की चपेट में वह आ गईं जिससे सपना की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मौके से कार चालक फरार हो गया। बुटवल इलाका प्रहरी के डीएसपी भीमलाल भट्टराई ने बताया कि गाड़ी की तलाश की जा रही है।