ककरहवा। भारत-नेपाल सीमा के मोहाना थाना की ककरहवा चौकी परिसर में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और एसएसबी असिस्टेंट कमांडेंट आशीष राघव ने ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ एक गोष्ठी की। इसका मुख्य उद्देश्य गांवों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधों को रोकना था। एएसपी प्रशांत कुमार ने सदस्यों को बताया कि ग्राम सुरक्षा समिति का गठन गांवों में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इसके सदस्य पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं।
बैठक में सदस्यों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सदस्यों को अपने-अपने गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और पुलिस को तुरंत सूचना देनी चाहिए। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य पुलिस के साथ मिलकर काम करके गांवों को अपराध मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस दौरान मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, पुलिस चौकी ककरहवा के सब इंस्पेक्टर मनोज सिंह, एसएसबी इंस्पेक्टर दीपक कुमार, आपरेशन कवच प्रभारी मनोहर लाल, कस्टम निरीक्षक संजीव कुमार, बालमुकुंद, घून्नू जयसवाल आदि मौजूद रहे।