खुनुवां। भारत सरकार के सहयोग से नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रांत के कंचनपुर जिले की भीमदत्त नगरपालिका-10 स्थित श्रीमहेश्वर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 1.9 करोड़ की लागत से बनने वाले इस विद्यालय भवन का शिलान्यास रविवार को काठमांडो स्थित भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव वशिष्ठ नंदन और भीमदत्त नगरपालिका की उपप्रमुख नीलम लेखक जोशी ने संयुक्त रूप से किया।
यह निर्माण कार्य उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (एचआईसीडीपी) के तहत भीमदत्त नगरपालिका के माध्यम से कराया जाएगा। यह कंचनपुर जिले में संचालित 11वीं उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना है। शिलान्यास कार्यक्रम में भीमदत्त नगरपालिका की उपप्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने भारत सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे विकास सहयोग की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि नए विद्यालय भवन के निर्माण से विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। वक्ताओं ने कहा कि निकटतम पड़ोसी होने के नाते भारत और नेपाल के बीच विकास, शिक्षा तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक और बहुआयामी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।