शाहपुर। इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बुधवार सुबह 8 बजे पटरी पर खड़े व्यक्ति को ठोकर मार दी, जिसमें मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था, जिसे डुमरियागंज में पकड़ा गया।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर पंचायत डुमरियागंज के वार्ड 3 आंबेडकर नगर, शाहपुर के रहने वाले महंगू (55) पुत्र घुरहू बुधवार सुबह शाहपुर चौराहे पर साइकिल से जा रहे थे। साइकिल खड़ी कर वह सड़क के किनारे खड़े थे। इसी बीच इटवा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें ठोकर मार दी। जिससे वह बगल के खंभे में जा टकराए और सर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए डुमरियागंज खीरा मंडी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में इटवा थाना अध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। ट्रक और चालक को डुमरियागंज में पकड़ा गया है। मुकदमा दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।अ