सिद्धार्थनगर। भारतीय किसान यूनियन ( जन कल्याण ) संघ जिला इकाई ने किसानों की समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को कृषि भवन परिसर में बैठक की। इसमें बारिश न होने से सभी नहरों में पानी छोड़ने, नलकूपों को क्रियाशील करके खेतों की सिंचाई कराने एवं डीएपी व यूरिया को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के साथ कालाबाजारी रोकने के लिए डीएम को पत्र भेजा।
भारतीय किसान यूनियन ( जन कल्याण ) संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिलदेव राय ने बैठक में कहा कि कृषि विभाग की लापरवाही के कारण पूरे जिले में खाद का संकट है। वहीं बारिश न होने से धान की फसल सूख रही है। इसके बावजूद भी ड्रेनेज खंड विभाग नहरों में पानी नहीं छोड़ रहा है। यही हाल रहा तो फसल बर्बाद हो जाएगी। वित्तीय वर्ष 2024 में बाढ़ के दौरान नष्ट हुई फसल के बीमे का भुगतान अभी तक बीमा कंपनी ने नहीं किया है।