संदिग्ध हाल में मजदूरी करने वाले युवक की मौत
खेसरहा थाना क्षेत्र के दलदला पुलिया के पास मिली लाश
मजदूरी करने के लिए बेलौहा निकला था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
खेसरहा। थाना क्षेत्र के दलदला पुलिया के पास संदिग्ध हाल में एक युवक की लाश मिली। बताया जा रहा है कि श्रमिक युवक सुबह बेलौहा मजदूरी करने के लिए निकला था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी महेंद्र (21) पुत्र भगेलू मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह क्षेत्र के बेलौहा में मजदूरी की तलाश में गया था। देर शाम क्षेत्र के ही दलदला गांव के पुलिया के पास उसकी लाश देखी। लाश देखने के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त महेंद्र के रूप में करते हुए परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। बहरहाल शव पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इस संबंध में एसओ यशवंत सिंह ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर मौके पर गए थे। परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाने की बात कह रहे हैं। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।