शाहपुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत बढ़नी चाफा में हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर बलुआ समय माता स्थान पर 19 मार्च को सनातन दीप महोत्सव, देवी जागरण तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रविवार को नगर पंचायत चेयरमैन धर्मराज वर्मा ने भवानीगंज थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, कर्मयोगी परिवार के सदस्यों और आयोजन समिति के लोगों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, प्रसाद वितरण, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन धर्मराज वर्मा ने समर्थकों के साथ बलुआ समय माता स्थान पर पूजन-अर्चन भी किया और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि चैत्र प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 के शुभ अवसर पर धर्म रक्षा मंच व कर्म योगी परिवार के तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रात में लगभग 25 हजार दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा, जिसके बाद देवी जागरण का आयोजन होगा। जागरण में प्रसिद्ध भजन गायक धर्मेंद्र पंडित भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे व फलाहार की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबियों से कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने का आह्वान किया है। इस अवसर पर मंटू पांडेय, राजू वर्मा, कुंवर साहब उपाध्याय, जुग्गीलाल पासवान, प्रमोद गौतम, अजय वर्मा, बसंत गुप्ता, विनोद वर्मा, चंद्रपाल, झिनकन गौतम, दुर्गेश दुबे, गुड्डू वर्मा, कमलेश चौहान, गुरमिलन प्रजापति, सुभाष यादव, संतोष वर्मा आदि मौजूद रहे।