लोटन। मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा निवासी राजेंद्र ने कबाड़ में बेचे जा चुके अपने चारपहिया वाहन के सड़क पर चलते मिलने के बाद लोटन थाने में तहरीर दी है। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राजेंद्र पुत्र साधू शरण ने तहरीर में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उन्होंने अपना चारपहिया वाहन लोटन थाना क्षेत्र के खखरा बुजुर्ग निवासी रोहन चौबे पुत्र भारत चौबे को बेच दिया था। उनके अनुसार करीब एक वर्ष पहले रोहन ने वाहन लोटन निवासी एक कबाड़ी को बेच दिया था। इसके बाद राजेंद्र ने वाहन को बांसी तहसील क्षेत्र में सड़क पर चलते देखा।
राजेंद्र ने बताया कि वाहन अभी भी उनके नाम पर होने की स्थिति में उससे कोई दुर्घटना होने पर वह जिम्मेदारी को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वाहन के मौजूदा इस्तेमाल और जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने की मांग की है। लोटन कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद