सिद्धार्थनगर। बार-बार फोन कर परेशान करने और गाली देने का विरोध करने पर एक परिवार के तीन सदस्यों को मनबढ़ों ने मार-पीटकर घायल कर दिया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कल्याणपुर निवासी मुबारक जिला पंचायत में माली के पद पर तैनात हैं। बताया जाता है कि गांव का माजिद अक्सर उनके मोबाइल पर फोन करता था। वह कई बार विरोध जता चुके थे। शनिवार शाम को तो उसने हद कर दी। फोन कर मुबारक को भद्दी-भद्दी गालियां देने शुरू कर दीं। जब उन्होंने विरोध किया तो शाम को माजिद अपने चाचा कल्लू और गांव के ही गुड्डू के साथ उनके घर पहुंचा। वहां भी गालियां देनी शुरू कर दिए। इसी बात को लेकर मुबारक से कहासुनी हो गई। इस पर कल्लू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुबारक को बुरी तरह मारा पीटा। अपने पिता को बचाने गए सरफराज (20) और उनकी बेटी नायदा खातून (28) की भी पिटाई कर दी। इस दौरान नायदा बेहोश हो गई। गांव में कल्लू का आतंक इस कदर है कि लोग उसे कल्लू दादा कहकर बुलाते हैं। उसके ऊपर गैंगेस्टर एक्ट और गोहत्या समेत अन्य गंभीर धाराआें में मुकदमा दर्ज है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। मुबारक ने बताया कि कल्लू का इतना आतंक है कि उसके डर से गांव का कोई भी व्यक्ति पिटाई के समय छुड़ाने नहीं आया।
इस संबंध में सिद्धार्थनगर एसओ सुधीर सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई। जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगी है। जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।