बढ़नी। सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने बुधवार सुबह ढेबरुआ क्षेत्र से सटे नेपाल सीमा के घरुवार से नेपाली युवक को ढाई किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एसएसबी के उप सेनानायक पीसी शर्मा ने बताया कि बुधवार को वह टीम के साथ गश्त पर थे। तभी उन्हें चरस तस्कर के नेपाल से आने की सूचना मुखबिर से मिली। इस पर टीम के साथ घरुवार चरगांवा से सटे नेपाल सीमा के पगडंडी मार्ग पर पहुंच गए। वहां उन्होंने नेपाली युवक को भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ढाई किलोग्राम चरस बरामद हुई। पकड़ा गया युवक नेपाल के कपिलवस्तु जिले के चंद्रौटा थाना क्षेत्र का सुरेंद्र कलवार है। एसएसबी के उप सेना नायक ने बताया कि युवक को ढेबरुआ पुलिस को सौंप दिया गया है। बरामद चरस की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।