सिद्धार्थनगर। प्रदेश के अनुपात में जिले में युवा व महिला मतदाताओं की तादात कम है। नए सिरे से हो रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में इनको जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। अब नए मतदाताओं को रंगीन फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी होगा, जिससे वोटर आईडी स्पष्ट होने से पहचान में दिक्कत नहीं होगी। यह बातें डीएम एसपी मिश्र ने प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।
भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2014 के आधार पर प्रदेश के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराने के निर्देश के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 01 जनवरी 2014 तक 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। बूथ स्तर पर अपने नाम सूची में शामिल कराने, संशोधन करने संबंधी कार्यक्रम के अलावा नए मतदाता आनलाइन भी मतदाता सूची में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते है। डीएम ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी वर्ग के लोगों के सहयोग करने की अपेक्षा की है। उन्होंने जिन लोगों ने नाम दो स्थानों से मतदाता सूची में शामिल है वह लोग अपने नाम एक जगह से हटवा लें, अन्यथा बाद में उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उधर भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अधिकारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी गई है।
युवा व महिला वोटरों का यह है अनुपात
जिले की कुल आबादी 26 लाख से अधिक है, जिसमें कुल मतदाताओं की तादात 16 लाख 06 हजार 54 है। 1000 पुरूष मतदाताओं की तादात के सापेक्ष महिला मतदाताओं की तादात मात्र 842 है। जबकि प्रदेश स्तर पर एक हजार पुरूष मतदाता के सापेक्ष महिला मतदाता की तादात 908 है। इसी क्रम में जहां प्रदेश के कुल मतदाताओं में 18 से 19 वर्ष तक के मतदाताओं का प्रतिशत 8-9 के बीच है वहीं जिले में युवा मतदाताओं का प्रतिशत मात्र 7.50 है।