सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र अपराधियों के लिए अब ऐशगाह बनता दिख रहा है। यही वजह है कि आए दिन कोई न कोई मामले सामने आ रहे है। ताजा मामला गुरूवार का है। शोहरतगढ़ की एसबीआई शाखा से एक व्यक्ति दो लाख पच्चहतर हजार रुपया निकालकर अपने घर ले जा रहा था। इसी बीच कुछ लोगों ने उसके डिग्गी से रुपये निकालकर फरार हो गए। पीड़ित ने इसकी तहरीर शोहरतगढ़ थाना में दी है।
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के रुमनदेई निवासी रामभुवन गुरुवार को शोहरतगढ़ की एसबीआई शाखा की मेन शाखा से 2 लाख 75 हजार रुपये निकाले। पैसे निकालने के बाद वह उन रुपयों को अपनी डिग्गी में रखकर अपने गांव की तरफ निकले। कुछ दूर जाने के बाद सिसवा चौराहे पर वह रुककर कुछ सामान लेने लगे। सामान लेने के बाद जब उन्होंने अपनी डिग्गी खोली तो देखा कि बैग से भरा रुपये 2 लाख 75 हजार गायब है। पैसा गायब होने की सूचना उन्होंने शोहरतगढ़ थाना में दे दी है। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोग सहमे हुए है।
इस संबंध में एसओ शोहरतगढ़ यशोदा नंद यादव का कहना है कि मैं अभी क्षेत्र में हूं। 7.30 बजे तक कोई ऐसा मामला नहीं आया था। अगर ऐसा है तो मुकदमा पंजीकृत कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
पहले से बना लिया था निशाना
चोरों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया है, उसे देखकर लोग कयास लगा रहे हैं कि चोर बैंक परिसर से ही पीड़ित पर निशाना लगाए हुए थे। जैसे ही वह सामान खरीदने के लिए सिसवा चौराहे पर रुका उन्होंने बेहद सफाई से वारदात को अंजाम दे दिया।
चौराहे पर घटना से सनसनी
सिसवा चौराहे पर चोरी की इस घटना के बाद सनसनी फैल गई। आसपास के दुकानदारों में घटना के बाद आक्रोश फैल गया। उन्होंने कहा कि पुलिस यहां गश्त नहीं करती इसलिए अपराधी बेखौफ हो गए हैं। लोगों ने पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।