डुमरियागंज। रविवार को माध्यमिक शिक्षक संघ ने टीचर कालोनी स्थित तहसील संयोजक रामचंद्र मिश्र के आवास पर बैठक की। जिसमें 20 सितंबर को लखनऊ में संघ द्वारा किये गये विधानसभा घेराव की सफलता पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा के राष्ट्रीयकरण, शिक्षा की गुणवत्ता सहित शिक्षकों की पदोन्नती के बाबत आने वाली अड़चनों को दूर करने को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट काफी अर्से से संघर्षरत है। इसी क्रम में संघ ने 20 सितंबर को लखनऊ में प्रदेश भर के शिक्षकों ने विधानसभा का घेराव किया। इस दौरान तीन घंटे तक सड़क जाम रहा। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री विनोद कुमार सिंह व विजय बहादुर पाल ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए दो माह तक का आखिरी बार समय मांगा। मंत्री के आश्वासन के बाद संघ की तरफ से 15 सूत्रीय मांग पत्र दिया गया। जिसमें मांग की गई कि प्रदेश सरकार शिक्षक हितों की अनदेखी कर रही है। सीटी ग्रेड से एलटी ग्रेड के शिक्षकों को सीटी ग्रेड की सेवा जोड़कर चयन एव प्रोन्नत वेतनमान प्रदान करने की मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। संघ की मांग है कि बेसिक शिक्षा परिषद की भांति अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों में स्नातक योग्यताधारी मृतक आश्रितों को एलटी ग्रेड में नियुक्ती कर सेवा कालीन प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की जाए। शिक्षक कर्मचारियों का लागू अंशदायी पेंशन योजना के स्थान पर पूर्व पेंशन व्यवस्था लागू की जाए। जिलामंत्री गुलाबचंद्र मौर्य ने कहा कि अगर दो माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल और जेल भरो आंदोलन किया जायेगा। इस अवसर पर आरके यादव, चंद्रप्रकाश मिश्र, वीर बहादुर पांडेय, अभय सिंह, सुरेन्दर पांडेय, मनउव्वर हुसैन, प्रदीप सिंह, नगीना, विनय, दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, महेन्द्र पाल, हरीराम चौहान, श्यामसुंदर यादव, सुरेेश गुप्ता, केशव सिंह, अखंड प्रताप, भूपेन्द्र त्रिपाठी आदि अध्यापक मौजूद रहे।