उसका बाजार (सिद्धार्थनगर)। घर में ठंडे चूल्हे पर अगर खाली पतीली है, बताओ कैसे लिख दूं धूप फाल्गुन की नशीली है। अदम गोंडवी की इस मिसरों का मर्म समझना हो तो उसका क्षेत्र के तेतरी, घुघुलिया और गंगाधरपुर आएं। यहां 857 परिवारों के आगे दो जून का भोजन जुटाना चुनौती बन गया है। इन गरीब परिवारों को दो जून की रोटी मयस्सर हो इसके लिए सरकार की ओर से बीपीएल और अंत्योदय कार्ड भी जारी हुए हैं, बावजूद इसके इन दिनों इनके घरों पर चूल्हे ठंडे पड़ते दिख रहे हैं।
दरअसल, इन गांवों में अगस्त महीने में सस्ता गल्ला दुकान से खाद्यान्न ही नहीं बंटा। ग्रामीणों ने इसकी खातिर इन दुकानों का दर्जनों बार चक्कर लगाया, मगर उन्हें आश्वासन देकर टरका दिया गया। बाद में पता चला कि अबकी बार खाद्यान्न ही नहीं आया। हुआ कुछ यूं कि गलती की कोटेदारों ने और भोगा गरीबों ने। इनके निवाले के साथ जिम्मेदारों ने खिलवाड़ किया। जिसका दंश ये परिवार झेलने को विवश हैं। कोटेदारों की ओर से पूर्ति विभाग कार्यालय से खाद्यान्न का उठान ही नहीं किया गया। इस मामले का संज्ञान लेकर जिला पूर्ति अधिकारी ने इन गांवों के कोटेदारों की जमानत राशि जब्त करने की कार्रवाई भी की है।
कहां कितनों ने गंवाया गल्ला
तेतरी में 233 बीपीएल और 109 अंत्योदय कार्डधारक हैं। घुघुलिया में 191 बीपीएल और 103 अंत्योदय कार्डधारक हैं। गंगाधारपुर में बीपीएल कार्डधारकों की संख्या 117 और अंत्योदय धारकों की संख्या 104 है। प्रति कार्ड 25 किलोग्राम चावल और 10 किलोग्राम गेहूं आवंटित होता है। सभी कार्डधारकों को मिलने वाले खाद्यान्न की गणना की जाए तो 857 कार्डधारकों को अगस्त महीने में 299.95 कुंतल खाद्यान्न आवंटित होता। जिम्मेदारों की सुस्ती से यह गल्ला सरकार को वापस चला गया।
कर्ज लेकर खरीद रहे राशन
इन गांवों के कई परिवार कोटेदारों की इस सुस्ती का खामियाजा कुछ यूं भुगत रहे हैं कि परिवार का पेट भरने के लिए इन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है। इनका कहना है कि अगर कार्ड पर राशन मिला होता तो यह हालात नहीं आते। नई मुसीबत महंगाई की भी है। अंत्योदय कार्डधारकों को दो रुपये किलोग्राम की दर से गेहूं और तीन रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चावल मिलता है। बीपीएल कार्डधारकों को 4.65 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गेहूं और 6.15 प्रति किलोग्राम के हिसाब से चावल मिलता है, मगर अब इन्हें खुले बाजार से करीब 15 रुपये के दर से गेहूं और 18 से 20 रुपये के हिसाब से प्रति किलो चावल की खरीद करनी पड़ रही है।
कोट
कोटेदारों की शिथिलता पर कार्रवाई करते हुए इनकी जमानत राशि जब्त की गई है। ऐसे में इन गांवों को आवंटित होने वाला खाद्यान्न वापस भेज दिया गया है। अगर इस तरह की गलती इनकी ओर से फिर की गई तो इनका कोटा भी निरस्त किया जाएगा। ग्रामीणों को हो रही दिक्कत के बाबत वे जिलाधिकारी से बात करेंगे।
प्रेम कुमार त्रिवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी