सिद्धार्थनगर। शिक्षा का हक अभियान के तहत ब्लाक संसाधन केंद्र नौगढ़ परिसर पर मंगलवार को वालंटियरों के दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में राइट एजूकेशन एक्ट के तहत शिक्षामित्रों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अधिकारों, शिक्षा की गुणवत्ता की दिशा में सुधार के उपायों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि किताबी ज्ञान के अलावा भी बच्चों को अन्य क्रियाकलापों के प्रति जागरूक कराना शिक्षकों का दायित्व है। गांव-गांव, घर-घर जाकर सरकारी स्कूलों से बच्चों को जोड़ने के लिए अभिभावकों से आपसी सामंजस्य रखना भी जरूरी है। खंड शिक्षा अधिकारी शिवप्रकाश ने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षामित्रों को विद्यालयों से सूचना जुटाने के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में उनका भरपूर सहयोग प्रशंसनीय है। इस तरह की पहल निश्चित ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में सहायक होगी। प्रशिक्षण के दौरान सह समन्वयक वीरेंद्र कुमार गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, शिव कुमार शुक्ला सहित शिक्षक और शिक्षामित्र मौजूद रहे।