सिद्धार्थनगर। पुलिस लाइंस में एसएसबी की ओर से आयोजित एथलेटिक प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि एसपी एन कोलांची और द्वितीय वाहिनी के कमांडेंट अमित शर्मा ने विजयी प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ में बलरामपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
विगत तीन दिनों से चल रही प्रतियोगिता के दौरान बलरामपुर, महराजगंज, भिनगा और सिद्धार्थनगर के एसएसबी की टीमों के 80 प्रतिभागियों ने हैमर थ्रो, जबलिंग और दौड़ समेत 17 प्रतियोगिताओं में भाग लिया। शनिवार को आयोजित 100 मीटर रेस में बलरामपुर के विवेक कुमार प्रथम, द्वितीय स्थान पर सिद्धार्थनगर के नीरज मेहता तथा तृतीय स्थान पर महराजगंज के अमरेश पाल रहे। जबकि 200 मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान सिद्धार्थनगर के नीरज कुमार, द्वितीय स्थान पर महराजगंज के महेश कुमार तथा तृतीय स्थान पर सिद्धार्थनगर के विनोद कुमार रहे। इसी प्रकार 400 मीटर के रेस में चार-चार लोग प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान रहे। जबकि अब तक हुई रेस प्रतियोगिताओं में बरामपुर की टीम का दबदबा रहा। विजयी प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक एन कोलांची तथा एसएसबी द्वितीय वाहिनी के कमांडेंट अमित शर्मा ने शील्ड देकर सम्मानित किया। इस दौरान एसपी कोलांची ने प्रतियोगिता भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से देश प्रेम की भावना विकसित होती है। खेल भावना को बढ़ावा मिलता है, जो जीवन के लिए बेहद उपयोगी है। कमांडेंट अमित शर्मा ने आगे और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभी से तैयारी में जुट जाने को कहा। इस अवसर पर एसएसबी और पुलिस विभाग के कई अधिकारी तथा जवान मौजूद थे।