खुनुवां। एसएसबी के द्वितीय वाहिनी के नेतृत्व में कमांडेंट अमित शर्मा के निर्देश पर एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डाक्टरों ने छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के सेहत की जांच कर दवाएं वितरित की।
एसएसबी के डाक्टर सुमित सौरभ ने छात्रों और ग्रामीणों को बरसात के मौसम में साफ-सफाई तथा ताजा भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बासी भोजन और आसपास जमी गंदगी के कारण बरसात में बीमारियों में भारी इजाफा होता है। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा उबला हुआ जल पीने पर जोर दिया। डा. विचार ने पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों के बारे में जानकारी दी। शिविर में तीन सौ मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दो सौ पशुओं की जांच कर पशुपालकों में दवाएं वितरित हुईं। धनोरा कैंप के इंस्पेक्टर प्रकाश चंद्र दास ने शिविर का नेतृत्व किया। शिविर में ग्राम प्रधान ग्राम सभा खुनुवां हरिश्चंद्र, फार्मासिस्ट एनएस विष्ट, राजीव शुक्ला, डीएस नेगी, डा. एपी त्रिपाठी नेत्र रोग विशेषज्ञ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मालूम हो कि एक दिन पूर्व दो सौ मरीजों और 85 पशुओं का परीक्षण कर नि:शुल्क दवाएं वितरित हुई।