डुमरियागंज। शनिवार को एक बार फिर राशन लदा एक ट्रक पुलिस के हाथ लगा। इस बार ट्रक में गेहूं की बजाए चावल लदा था। उसे नेपाल बार्डर भेजा जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
शनिवार को पुलिस ने चावल लदे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में चावल लदे होने का खुलासा उस समय हुआ जब मुखबिर की सूचना पर मौके पर पुलिस और सप्लाई इंस्पेक्टर पहुंचे। उसके बाद ट्रक पर लदे चावल की बोरियोंको चेक किया गया तो पता चला कि चावल भारतीय खाद्य निगम की बोरियों में भरी गई थी। ट्रक में करीब 360 बोरी यानी 18 टन चावल लादा गया था। बोरियों के सील पर लगी स्लिप पर पीआरएम खुरहुरिया सिद्धार्थनगर लिखा था। उसे नेपाल बार्डर पहुंचाया जा रहा था। ट्रक में लदा चावल बैदौला चौराहा निवासी एक व्यक्ति के घर में छिपा कर रखा गया था। सूत्रों ने बताया कि इन चावलों को बेयर हाउस से रिजेक्ट कह कई बार ठिकाने लगाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध चावल लदी ट्रक को अपने कब्जे में ले थाने पर ले आई है।
इस संबंध में डुमरियागंज एसडीएम शिवरतन लाल वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी के लिए मौके पर सप्लाई इंस्पेक्टर को भेज दिया गया है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि चावल अवैध है या नहीं।