सिद्धार्थनगर। नगर के सात वार्डों में सोमवार सुबह नौ बजे से मोटर फुंकने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। इससे इन वार्डों के करीब 15 हजार लोग पानी के लिए परेशान रहे। वहीं मोटर की मरम्मत के बाद मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे आपूर्ति शुरू हुई।
नगरपालिका सिद्धार्थनगर में कुल 25 वार्ड हैं। इसमें से जमुआर नाले के उत्तरी छोर पर सरजू नगर, पश्चिम गोला, रमजान नगर, जवाहर नगर, सुभाष नगर, हमीद नगर, रामप्रसाद नगर वार्ड हैं। इन वार्डों में पुरानी नौगढ़ के जलकल से पानी की सप्लाई होती है। सोमवार सुबह नौ बजे आपूर्ति अचानक बाधित हो गई। देर शाम तक पानी नहीं आया तो परेशानी बढ़ने लगी।मंगलवार सुबह स्थिति और बिगड़ गई। जब स्टोर किया हुआ पानी खत्म हो गया। इससे मंगलवार को लोगों की दिनचर्या बाधित हो गई। कोई देर से दफ्तर और दुकान पहुंचा। कई बच्चे स्कूल ही नहीं गए। सर्वाधिक दिक्कत उन लोगों को हुई जो पूरी तरह नगर पालिका की जलापूर्ति पर निर्भर रहते हैं और ऊपर के मकानों में रहते हैं। ईओ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मोटर फुंकने की वजह से पानी नहीं मिल सका है। मोटर बनवाया जा रहा है। जैसे ही मोटर बनता है, वैसे ही जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
पानी न होने से बेटा नहीं गया स्कूल
सरजू नगर के विष्णु दत्त पांडेय ने बताया कि पानी न आने के कारण बेटा पढ़ने तक नहीं गया। पानी न होने की वजह से दूसरों के यहां नलों से पानी भरना पड़ा है। तब जाकर काम चला है। रमजान नगर के सुनील अग्रहरि ने बताया कि पानी न आने की वजह से महिलाओं के कामकाज प्रभावित हुए। जवाहर नगर के अबरार ने बताया कि नगर पालिका की समस्या नई नहीं है। अक्सर मोटर खराब हो जाती है। सुधार में 24 घंटे से अधिक समय लग जाता है। जबकि अगर नगरपालिका प्रशासन चाहता तो सोमवार को ही मोटर बनवाकर आपूर्ति शुुरू करा दी जाती। लेकिन पालिका के जिम्मेदारों को नागरिकों की सुविधा का जरा भी ख्याल नहीं है। नुसरत अली ने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक पानी के इंतजार में रहे। लेकिन देर शाम तक पानी नहीं आ सका। इसकी वजह से पड़ोसी के यहां से नल के पानी से काम चलाया गया।