लोटन (सिद्धार्थनगर)। कोतवाली क्षेत्र के रमवापुर गांव के पास गुजरने वाली कूड़ा नदी में नहाने गया किशोर डूब गया। सूचना पर पहुंचे गांव के लोगों ने नदी में जाल डालकर घंटो खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चला सका।
क्षेत्र के रमवापुर में गांव निवासी मो.कलीम (15) पुत्र सलीम रविवार को गांव के बच्चों के साथ बकरी चराने के लिए गांव के पास से बहने वाली कूड़ा नदी पर गया था। साथ गए अन्य बच्चों के साथ वह नदी में नहाने लगा। इस बीच पैर फिसल गया और गहरे पानी में चला गया। इससे वह डूबने लगा। साथ नहा रहे अन्य बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव तेज होने से उसे नहीं बचा सके। शोर-गुल सुनने के बाद जब तक गांव के लोग मौके पर पहुंचते किशोर डूब चुका था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जाल डालकर घंटों तलाश की, लेकिन देर शाम तक किशोर नहीं मिला। वहीं, घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध कोतवाली प्रभारी अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर खोजबीन की जा रही है।