शौचालय बने नहीं, निकल लिया धन
भनवापुर ब्लॉक के लोहटा मय पिपरा खुर्द बुजुर्ग गांव का है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। खुनियांव ब्लॉक में शौचालय निर्माण कागजों में सिमटकर रह गया है। स्थिति ऐसी है कि 117 शौचालयों में से केवल 50 शौचालय का निर्माण हुआ है। जबकि आरोप है कि 117 शौचालयों के रकम निकाल ली गई है। इतना ही नहीं जिन नामों पर शौचालय के नाम पर रुपये निकाले गए है। उनके घरों में शौचालय बना ही नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से लाखों रुपये की बंदरबांट की गई है। मामला ग्राम पंचायत लोहटा मय पिपरा खुर्द बुजुर्ग का है।
गांव के राज बहादुर पाठक, संतोष कुमार की शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने पिछले दिनों जांच की थी। जांच में 117 के सापेक्ष 50 शौचालय निर्माण किए जाने की बात सामने आई थी। सूची में शामिल लाभार्थियों में गोरखनाथ, शिव प्रसाद मिश्रा, प्रेमशंकर मिश्रा, कालिन्दी, राम सुरेश, रिक्की, तस्लीमुन्निशा, सरजू, सुमेसर प्रसाद, पूर्णमासी यादव, जोखई, रव्वाब अली, अकबाल, दुरबली, गंगाराम, खालिदा आदि ने बताया कि न तो मुझे अनुदान की धनराशि दी गई है और न ही शौचालय निर्माण ही हुआ है। जबकि दी गई सूची में इन शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा होना बताया गया है। गांववालों की मानें तो एक दर्जन से अधिक लाभार्थियों के शौचालयों जो पुराने हैं। उसे छोड़कर शेष किसी का शौचालय आज भी प्रयोग करने लायक नहीं है। प्रभारी सीडीओ संत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी है। इसकी जांच कराई जा रही है। दोषी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।