डुमरियागंज में सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधू काफी प्रसन्न नजर आए।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित विवाह समारोहों में बुधवार को जनपद में 89 जोड़े अपने-अपने धार्मिक रीति रिवाज से विवाह बंधन में बंध गए। आयोजन डुमरियागंज, विकास खंड इटवा, बांसी व बर्डपुर में हुए। इस दौरान शहनाई भी गूंजी और सामूहिक भोज के आयोजन भी हुए जहां हर्ष के वातावरण में वर-वधु पक्ष से भारी संख्या में नाते- रिश्तेदार मौजूद होकर उन्हें आशीर्वाद दिए। वहीं, मंत्री जयप्रताप सिंह, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राघवेंद्रप्रताप सिंह, विधायक श्यामधनी राही व अधिकारी इस सामूहिक विवाह के साक्षी बनकर वर-वधुओं को शुभकामनाएं दीं।
इटवा प्रतिनिधि के मुताबिक बुधवार को ब्लॉक प्रांगण में आयोजित समारोह में 15 जोड़े धार्मिक रीति रिवाज से एक-दूसरे के हुए। 10हजार रुपये के सामान व 20 हजार रुपये का चेक लड़की को दिया गया। समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा समेत खंड विकास अधिकारी सौरभ कुमार पांडेय, एडीओ पंचायत संजय कुमार मिश्रा मौजूद रहे। बर्डपुर स्थित प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक परिसर में आयोजित समारोह में 7 नव विवाहित जोड़ों ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार वैवाहिक बंधन में बंधे। सदर विधायक श्याम धनी राही समेत प्रधान संघ अध्यक्ष सुनील यादव, भाजपा जिला मंत्री ओम प्रकाश यादव, ग्राम प्रधान प्रदीप चौधरी द्वारा विवाहित जोड़ों को भेंट भी दी गई। बांसी प्रतिनिधि के मुताबिक बांसी माघ मेला मैदान में स्थित मैरिज हाल में 17 जोड़ों का विवाह धर्मिक रीति रिवाज से हुआ। कैबिनेट मंत्री जय प्रताप सिंह ने सभी विवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
डुमरियागंज प्रतिनिधि के मुताबिक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में डुमरियागंज क्षेत्र के 50 जोड़ों ने शादी के बंधन में बंध गए। कार्यक्रम के दौरान 14 वेदियों पर 3-3 जाड़ों ने हिंदू रीति रिवाज और 7 जोड़ों ने निकाह किया। शादी के बाद सांसद और विधायक ने जोड़ों को शादी का प्रमाणपत्र और अन्य सामान देकर विदा किया। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह महत्वाकांक्षी योजना गरीबों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। गरीब परिवार की बेटियों को सम्मान मिले, इसलिए मुख्यमंत्री ने इस योजना की शुरुआत की। इससे पूर्व तहसील परिसर में विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
दुल्हन की चुनरी लेकर लिया सात फेरा
गोंडा जनपद के मद्दो बाजार बढ़या की रहने वाली किरन दिव्यांग हैं जिससे शाहपुर के श्यामसुंदर उर्फ अजय ने शादी रचाई। इस दौरान जब फेरे लेने की बात आई, तो दुल्हन के दिव्यांग होने के कारण दूल्हे ने उसकी चुनरी हाथ में लेकर सात फेरे की रस्म अदा की।
छोटे कद के दूल्हे-दुल्हन को देखने उमड़ी भीड़
डुमरियागंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में सबसे चर्चित जोड़ी राजेश व इंद्रावती की रही। दोनों का कद करीब तीन फीट के आसपास था। दूल्हा राजेश बस्ती जनपद के खम्हरिया गांव और दुल्हन डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के बनगवां पड़ाइन गांव की रहने वाली थी। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी को मंच पर बुलाकर उपहार देकर सम्मानित किया।