तमंचा सटाकर गल्ला व्यवसायी से 8.40 लाख की लूट
डुमरियागंज थानाक्षेत्र के सिलोखरा चौराहे के पास हुई घटना
वारदात की जानकारी के बाद सीओ ने घटनास्थल पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
बयारा (सिद्धार्थनगर)। बैंक में रुपये जमा करने जा रहे गल्ला व्यवसायी को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर लूट लिया। बदमाश उससे 8.40 लाख रुपये लूटकर भाग गए। बुधवार को व्यवसायी से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ डुमरियागंज, एसओ सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
भानपुररानी गांव निवासी कल्पनाथ अग्रहरि गल्ला व्यवसायी हैं। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे कल्पनाथ अपने घर से 8.40 लाख रुपये लेकर सेंट्रल बैंक बेवां में जमा करने जा रहे थे। वह डुमरियागंज थानाक्षेत्र के सिलोखरा चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि बेवां की तरफ से एक बाइक सवार दो लोग आए और सामने लाकर बाइक को खड़ी कर दी। कल्पनाथ के अनुसार जब तक वह कुछ बोल पाते बदमाशों ने गाली देते हुए रिवाल्वर तान दी। बदमाशों ने बाइक की डिकी में रखी रकम को लेकर भड़रिया उतरौला की ओर निकले भागे। घटना से वह काफी सहम गए थे। कुछ देर बाद कल्पनाथ ने ग्रामप्रधान को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद लूट की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आनन-फानन में सीओ डुमरियागंज उमेश कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि व्यवसायी ने बदमाशों का जो हुलिया बताया है उसके आधार पर खोजबीन हो रही है। नाकाबंदी भी की गई है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।