7600 युवाओं को लगेगा टीका
बीते दो सप्ताह में 20126 युवाओं ने लगवाए टीके
18 से 44 वर्ष के लिए बनाए गए 18 टीकाकरण केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोविड टीके के लिए चल रहे अभियान में चार दिनों में 7600 युवाओं को टीके की डोज दी जाएगी। इसके पहले दो सप्ताह चले टीकाकरण में 20126 युवाओं ने कोरोनारोधी टीका लगवाया है। विभाग ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला अस्पताल में पिंक बूथ बनाया है। इस केंद्र पर महिलाएं और युवतियां आसानी से टीका लगवा सकती हैं।
जिले में 18 से 44 वर्ष के युवाओं को टीका लगाने के लिए जिले भर में 18 केंद्र बनाकर टीका लगवा रहा है। टीके के प्रति युवाओं में उत्साह भी है। लाभार्थी ऑनलाइन पंजीकरण कराकर तय तिथि और समय पर केंद्र पहुंच कर कोरोनारोधी टीका लगवा रहे हैं। जिला वैक्सीन कोल्ड चैन मैनेजर अनुराग शुक्ल ने बताया कि इस सप्ताह अभी तक 7600 डोज दिया गया है। इसके हिसाब से जिलेभर में चार दिन टीके का प्लान किया गया है। बताया कि 14 जून को 2700 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित था। इस तरह 17 जून तक निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से टीका लगाया जाएगा। इस बाबत सीएमओ, डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि राज्य ने इस सप्ताह चार दिवस टीका लगाने के लिए वैक्सीन उपलब्ध कराया है। 18 जगहों पर 7600 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
यहां लगवाएं आसानी से टीका
विकास भवन में बैंककर्मी-मीडियाकर्मी, पीएचसी नौगढ़ में अभिभावक (12 वर्ष के कम उम्र के बच्चों के अभिभावक), जिला अस्पताल पिंक बूथ पर युवती व महिलाएं आसानी से टीका लगवा सकती हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल, अर्बन पीएचसी नौगढ़, डुमरियागंज, बांसी, खुनियांव, बढ़नी, भनवापुर, जोगिया, बर्डपुर, लोटन, उसका बाजार, इटवा, शोहरतगढ़, खेसरहा, मिठवल स्वास्थ्य केंद्र पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के युवा टीका लगवा सकते हैं।
यहां लगेगा को-वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र पीएचसी बर्डपुर, सीएचसी लोटन व उसका बाजार में को-वैक्सीन का सत्र बनाया है। यहां भी आसानी से लाभार्थी टीके की डोज लगवा सकते हैं।