सिद्धार्थनगर। नवमी के पावन अवसर पर शनिवार की सुबह से ही जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लोगों ने निष्ठाभाव से मां भगवती की पूजा-अर्चना की। इसके बाद व्रत रहने वाले श्रद्धालुओं ने मंदिर व अपने घरों में हवन करके व्रत तोड़ा। साथ ही एक दूसरे को चैत्र रामनवमी की बधाई भी। इस दौरान मंदिर मां के जयकारे से गूंजते रहे।
नगर के सिंहेश्वरी मंदिर, पुरानी नौगढ़ स्थित दुर्गामंदिर, योगमाया मंदिर, पल्टादेवी मंदिर, सिसवा दुर्गा मंदिर, गायत्री मंदिर, बेलहिया दुर्गा माता मंदिर, कठेला समय माता मंदिर, गालापुर काली माता मंदिर सहित सभी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु उमड़े रहे। मंदिरों में मां की पूजा-अर्चना करने केे बाद नौ दिनों तक देवी मां का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने विधि पूर्वक हवन कराया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने अपने घरों व मंदिरों में जाकर हवन पूजन किया। कुछ लोगों ने नौ दिन के बाद हवन करके व्रत तोड़ा तो कुछ लोग रविवार को दशमी में व्रत तोड़ेंगे।
मंदिरों में पूजा हवन के साथ-साथ देवी मां की गीतों से पूरा मंदिर गूंज रहा था। वहीं, कई मंदिरों में मेला भी लगा रहा। जहां महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ रही है। मां के दरबार में श्रद्धालुओं ने हवन पूजन व मत्था टेककर अपना व्रत तोड़ा। इस अवसर पर लोगों ने मां से अपने लिए सुखमय जीवन की प्रार्थना भी की। इटवा क्षेत्र के चौखड़ा में सुबह से ही आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को मिठाई खिलाकर पानी पिलाये जाने का क्रम जारी रहा। सुरक्षा में पुलिस अपने-अपने क्षेत्र के मंदिरों पर मुस्तैद रही।
जागरण में देवी गीतों पर झूमे श्रद्धालु
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र के सरोथर कठौतिया में चैत्र नवरात्र के अष्टमी के दिन शुक्रवार की रात जागरण की एक रात मां भगवती के नाम का आयोजन किया गया। जागरण के शुभारंभ में कल्याण समिति के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर भोजपुरी गायक राजन पांडेय व अमर मणि दुबे के भक्ति गीतों पर लोग झूम उठे। इसके बाद अमरमणि दुबे ने स्वच्छता के लिए शौचालय उपयोग के लिए एक गाना प्रस्तुत किया। इसकी लोगों ने खूब प्रशंसा की। इस दौरान मथुरा प्रसाद यादव, सनोज जायसवाल, महेंद्र, सच्चिदानन्द मिश्रा, दयानंद, नितेश मिश्रा, शत्रुघ्न मिश्रा, गोविन्द विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं में देवी भगवती का प्रसाद वितरित
पकड़ी बाजार। क्षेत्र के बुढ़नइया के समय माता मंदिर पर शनिवार को चैत्र राम नवमी के शुभ अवसर पर प्रसाद वितरण कार्यक्रम हुआ। इसमें क्षेत्र के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। समय माता मंदिर में चैत्र राम नवमी पर लोगों ने हवन व पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम दिन भर चलता रहा। इस दौरान प्रधान चंद्रशेखर, मंटू चौधरी, लालमन चौहान, शंभू चौधरी, लालबचन चौधरी, शीलू चौधरी, राज कुमार, राम पराग, कपिल देव चौधरी आदि मौजूद रहे।