अतिसंवेदनशील बूथ ही बनाएं जाएंगे मॉडल बूथ
फोटो- 60
इटवा तहसील सभागार में आयोजित हुई बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। तहसील सभागार में गुरुवार को एसडीएम की अध्यक्षता में पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। इसमें चुनावी बूथों पर दी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही शुक्रवार को मंडलायुक्त बस्ती के दौरे को लेकर सभी पर्यवेक्षकों को सजग रहने को कहा गया।
एसडीएम इटवा त्रिभुवन ने कहा कि इटवा विधानसभा क्षेत्र में माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज इटवा, बढ़य़ा, भदोखर, महादेव घुरहू, सेमरी, बेनीपुर उर्फ पुरैना, पिरैला, इनरी ग्रांट सहित कुल 37 बूथ अतिसंवेदनशील हैं। इन्हीं बूथों में अधिकांश को मॉडल बूथ बनाए जाने हैं। इन बूथों पर पेयजल, टेंट, बिजली, शौचालय, व्हील चेयर सहित अन्य सभी सुविधाएं मतदाताओं को मिलेगी। मतदान में दिव्यांग मतदाता व वरिष्ठ नागरिकों को विशेष तरजीह दी जाएगी। यही नहीं मतदान के दिन मतदान केंद्र पर आंगनबाड़ी वर्कर, रसोइयां की भी उपस्थिति रहेगी। जिससे मतदान के लिए आई टीम को खानपान की सुविधा मुहैया कराई जा सके। इस अवसर पर तहसीलदार इटवा राजेश कुमार अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पांडेय, सचिन श्रीवास्तव, अंकित अग्रवाल, सुनील श्रीवास्तव, अमरदीप वर्मा, नवीन चौधरी, अनिरुद्ध चौधरी और रणधीर यादव आदि मौजूद थे।