सिद्धार्थनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के बच्चियों का हर माह में पहले सोमवार को स्वास्थ्य परीक्षण होगा। दवाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी। 21 और 22 मई को शिविर लगाने के लिए सीएमओ ने सभी प्रभारियों को पत्र लिखा है।
डीएम के निर्देश व आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. अंकिता सहाय की विशेष पहल पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली बच्चियों के सेहत का खास ध्यान दिया जा रहा है। पूर्व में स्वास्थ्य शिविर के बाद आवश्यकता महसूस होने पर प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को एक साथ 14 स्कूलों पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाने का निर्णय लिया गया। सीएमओ डॉ. आरके मिश्रा ने सभी सीएचसी, पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारियों के पत्र लिखकर अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में माह में प्रत्येक सोमवार को स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्दश दिया है। साथ ही इस माह में 21 व 22 मई को शिविर आयोजित करने की भी बात कही है। परीक्षण के बाद बालिकाओं को जरूरत के मुताबिक दवाओं की उपलब्धता कराने की भी हिदायत दी।