शोहरतगढ़। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के नीबी दोहनी वार्ड नंबर-13 में बनाए जा रहे आधुनिक इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। लगभग 70 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस कोर्ट का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अक्तूबर में इसे खिलाड़ियों के लिए शुरू करने की तैयारी है। इससे कस्बे के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध होगी।
15वें वित्त आयोग की धनराशि से बनाए जा रहे इस इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अभ्यास का अवसर देना है। अभी तक बैडमिंटन खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए करीब 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी नियमित अभ्यास नहीं कर पाते थे। नया कोर्ट शुरू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
इनडोर कोर्ट होने से खिलाड़ी वर्षभर मौसम की बाधाओं से मुक्त होकर अभ्यास कर सकेंगे। आधुनिक खेल सतह, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित वातावरण मिलने से स्थानीय खिलाड़ियों की तैयारी बेहतर होगी। इससे जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार होने में भी मदद मिलेगी। नगर पंचायत का मानना है कि यह सुविधा क्षेत्र में बैडमिंटन संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ नई प्रतिभाओं को भी आगे लाएगी।
-
बोले युवा....
बैडमिंटन की प्रैक्टिस के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। नगर पंचायत में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट बन जाने से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
- सनोज वर्मा, निवासी शोहरतगढ़
नगर में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट बनने से नियमित अभ्यास आसान होगा। इससे खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरेगी और बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
- तुषार अग्रवाल, निवासी शोहरतगढ़
15वें वित्त आयोग की धनराशि से करीब 70 लाख रुपये की लागत से इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। अक्तूबर तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद है और इसके बाद खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
- अजय कुमार, अधिशासी अधिकारी-नगर पंचायत