महिला डॉक्टर के खाते से उड़ाए 66 हजार
चिकित्सक की तहरीर पर सदर पुलिस ने केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। एटीएम अपडेट करने के नाम पर महिला चिकित्सक से 66 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। चिकित्सक की तहरीर पर सदर पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ निवासी चिकित्सक डॉ. अनिता द्विवेदी के मुताबिक एक नंबर से फोन आया फोन करने वाले ने बोला वह ओबीसी पीएनबी शाखा से बोल रहा है। आपका एटीएम ऑनलाइन पेमेंट के लिए रजिस्टर करना था। एक लिंक भेज रहे हैं, उस पर क्लिक कर देना। एक बाद एटीएम एक्टिव हो जाएगा। जैसे ही दिए गए लिंक को क्लिक किया खाते से 66 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद जब बैंक पर बात की तो पता चला कि वहां से कोई फोन नहीं गया था, किसी ने धोखाधड़ी की है। चिकित्सक ने सदर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी कोतवाल सदर राजेंद्र प्रताप सिंह यादव ने बताया कि चिकित्सक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।