सिद्धार्थनगर। बीएसए मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 617 जोड़े एक-दूसरे के हो गए। हिंदू समुदाय के 536, बौद्ध धर्म के 12 तथा मुस्लिम समुदाय के 69 जोड़ों को गृहस्थी की सामग्री देकर विदा किया गया। डीएम संजीव रंजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवार को बेटी की शादी में सहूलियत मिल रही है।
कार्यक्रम स्थल पर हिंदू, मुस्लिम व बौद्ध धर्म के जोड़ों के लिए अलग-अलग पंडाल लगे थे। वहां जोड़ों के साथ उनके परिजन भी रहे। हिंदू जोड़ों का विवाह विधि-विधान से कराया गया। मुस्लिम जोड़ों का मौलाना ने निकाह कराया। जोड़ों को डीएम संजीव रंजन, सीडीओ जयेंद्र कुमार, भाजपा नेता दिलीप चतुर्वेदी ने आशीर्वाद दिया। उन्हें गृहस्थी की सामग्री दी गई।
हिंदू जोड़ों को पायल-बिछिया एक-एक जोड़ी, डिनर सेट (51 बर्तन), बक्सा टीन का, टेबल फैन, दीवार घड़ी, एक साड़ी सेट व दूल्हे को पैंट शर्ट दिया गया। मुस्लिम जोड़े को पायल एक जोड़ी, एक चांदी की अंगूठी, डिनर सेट (51 बर्तन), बक्सा टीन का, टेबल फैन, दीवार घड़ी व कपड़े दिए गए। साथ ही प्रत्येक बधू के खाते में 35 हजार रुपये भेजे गए। इस दौरान एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र, डीडीओ शेषमणि सिंह, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय, दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी एजाजुल हक खान, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन व प्रिंस उपस्थित रहे।
अनुपस्थित रहे जनप्रतिनिधि
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिले का कोई जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं रहा। जिले के सभी पांचों विधायक व एमएलसी सदन चलने के कारण लखनऊ में बताए गए। वहीं सांसद जगदंबिका पाल भी किसी कार्य से बाहर रहे, उनके प्रतिनिधि के तौर पर भाजपा नेता दिलीप चतुर्वेदी कार्यक्रम में शामिल हुए।