सिद्धार्थनगर। जिले में विभिन्न थाने में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। समस्या लेकर 21 फरियादी पहुंचे। इसमें छह की सुनवाई व समाधान हो सका। वहीं, जिम्मेदारों ने सभी को आश्वासन देकर भेजा।
सदर थाने में तहसीलदार सदर नंद प्रकाश मौर्य की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल चार मामले आए। सिसहनिया मोहल्ला निवासी मुनीब अहमद ने भीमापार में एनएच निर्माण के लिए अपनी भूमि के अधिग्रहण के बदले मुआवजा न देने का मामला रखा। कहा कि उनकी भूमि के दोनों तरफ की जमीन का अधिग्रहण किया गया है, लेकिन उनकी भूमि को हास्यास्पद तरीके से अधिग्रहण से मुक्त बताया जा रहा है। कई बार पैमाइश के लिए राजस्व विभाग के अफसरों को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन हलका लेखपाल रुचि नहीं ले रहे। आरोप लगाया कि उनकी भूमि के हिस्से का मुआवजा साजिश के तहत पड़ोसी के नाम आवंटित कर दिया गया है। हलका लेखपाल की अनुपस्थिति में विवाद का समाधान नहीं हो पाया। पुलिस विभाग से जुड़े एक मामले का निस्तारण ही हो पाया। राजस्व से जुड़े तीन मामलों को मौके जाकर स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारित करने का संबंधित लेखपालों को तहसीलदार ने निर्देश दिया।
इस दौरान एसओ डीके श्रीवास्तव, एसआई चंद्रकांत तिवारी, एसआई ओंकार सहाय, लेखपाल रामकरन गुप्ता आदि मौजूद रहे।
उसका थाने में एसओ एसके सरोज की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व से जुड़े दो मामले आए। दोनों प्रकरण राजस्व से जुड़े थे। जोगिया कोतवाली में एसओ हरिनरायन दीक्षित की मौजूदगी में कुल चार प्रकरणों में दो का मौके पर निस्तारण किया गया। खेसरहा थाना में कुल छह मामले आए। दो का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान एसओ रणधीर मिश्र, एसआई दद्दन राय आदि मौजूद रहे। वहीं, शोहरतगढ़ थाने में एसओ अरविंद मिश्र की मौजूदगी में आयोजित समाधान दिवस में तीन मामले आए, लेकिन एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो गया। इसके अन्य थानों में भी समाधान दिवस का आयोजन किया गया।