ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी कार्यक्रम के तहत जुलाई माह में एक दिन में पूरे प्रदेश में 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य पूरा करने की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। बुधवार को विकास भवन सभागार में बैठक कर इसकी रुपरेखा बनाई गई। सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित करते हुए इसे शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय ने कहा कि जिले में 607500 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग ने इसके लिए 103 स्थान चिह्नित किए हैं। इसके अलावा सभी बीडीओ अपने विकास खंडों के अंतर्गत पौधरोपण लक्ष्य के सापेक्ष स्थल का चयन कर उसकी एक सूची सीडीओ व वन विभाग को उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वृक्षारोपण स्थल की कोडिंग एनआईसी की आईजीआरएस आधारित कोड के अनुसार कराई जाएगी। इसमें जनपद, तहसील, ब्लाक, रोपण स्थल का कोड सम्मिलित होगा।
एनआईसी के माध्यम से सभी रोपण स्थलों का पूर्ण ऑनलाइन डाटाबेस तैयार कराया जाएगा, ताकि पौधरोपण कार्यों का अनुसरण किया जा सके। जिला वृक्षा रोपण समिति इस कार्य को कराने के लिए जिले में एक कंट्रोल रूम की स्थापना करेगी। इसका संपादन संबन्धित वनाधिकारी करेंगे।
जोनल व सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। प्रत्येक विकास खंड को एक सेक्टर, प्रत्येक तहसील को एक जोन के रूप में चिह्नित किया जाएगा। बीडीओ अपने ब्लाक के सेक्टर अधिकारी होंगे। तहसीलदार अपने तहसील के जोनल अधिकारी नामित होंगे।
सभी एसडीएम अपने-अपने सब-डिवीजन के वरिष्ठ जोनल अधिकारी होंगे। ड्यूटी कार्ड निर्वाचन पैटर्न पर जारी किया जाएगा। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी अखिलेश तिवारी को पौधारोपण कार्यक्रम का प्रभारी नियुक्त किया।
बैठक में एसडीएम नौगढ़ राजितराम प्रजापति, योगानंद पांडेय, जुबेर बेग, विनय कुमार सिंह, सुरेंद्र मिश्र, डीडीओ सुदामा प्रसाद, उप कृषि निदेशक डा. राजीव कुमार, डिप्टी सीएमओ डा.विजय कुमार, डीसी मनरेगा उमेश चंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।