नवोदय विद्यालय की छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए शनिवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में 553 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले के सात केंद्रों पर नामांकित 2386 परीक्षार्थियों में से 1833 ने परीक्षा दी। केंद्रों से उत्तर पुस्तिका संकलित उसे सील कर देर शाम नवोदय विद्यालय प्रशासन को सुपुर्द कर दिया गया।
सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुई परीक्षा के लिए एक घंटा पहले से ही परीक्षार्थी केंद्रों पर जुटने शुरू हो गए थे। नगर के सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज के केंद्र पर परीथार्थियों को तलाशी के बाद 11 बजे से प्रवेश दिया गया।
जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई केंद्र पर उसका और जोगिया ब्लॉक के बच्चों ने परीक्षा दी। जोगिया के 151 बच्चों में से 108 और उसका के 195 में से 143 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए।
उसका ब्लाक के बीईओ व्यासदेव और जोगिया के रमेश कुमार यहां पूरी परीक्षा के दौरान मौजूद रहे। केंद्रीय प्रेक्षक के तौर पर जयप्रकाश, डीसी शुक्ला निगरानी करते रहे। बांसी के तिलक इंटर कॉलेज, रतनसेन इंटर कॉलेज, डुमरियागंज के पीपुल्स इंटर कॉलेज और गिरधरपुर इंटर कॉलेज में भी नवोदय की परीक्षा कड़ी सुरक्षा में कराई गई। देर शाम सभी केन्द्रों की उत्तर पुस्तिकाएं संकलित कर नवोदय विद्यालय प्रशासन को सौंप दिया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक रामकृपाल प्रसाद ने बताया कि जिले के सभी सात केन्द्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई है। कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उत्तर पुस्तिकाओं को सील कर नवोदय विद्यालय प्रशासन को सौंप दिया गया है। वहां से उसे मूल्यांकन के लिए निदेशालय भेजा जाएगा।