पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में गुरुवार को मौसम खराब हो गया। इससे सुबह के समय मतदान की गति कुछ धीमी थी, लेकिन वोटरों के उत्साह के आगे खराब मौसम भी वोटिंग में खलल न डाल सका।
बादल छाने के कारण दिनभर सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए और हल्की ठंड भी महसूस हो रही थी, बावजूद इसके मतदाताओं ने जोश और उत्साह से अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया।
विकास खंड बांसी, मिठवल, खेसरहा में गुरुवार को चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। तीनों विकास खंडों में कुल 54.82 प्रतिशत मतदान हुआ।
तीनों विकास खंड के 279 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 1784 प्रत्याशी तथा जिला पंचायत सदस्य पद के 12 पद के लिए 193 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके भाग्य को मतदातओं ने मतपेटी मे वोट डाल कर बंद कर दिया है। विकास खंड बांसी मे 55.47, विकास खंड मिठवल में 54, विकास खंड खेसरहा में 55 प्रतिशत वोट पड़े।
विकास खंड खेसरहा के बूथ संख्या 136 भेडोंहा में मतदान देर शाम सात बजे तक हुआ। इस बूथ पर मतदाता सूची में शामिल बिना पहचान पत्र वाले मतदातओं के लिए प्रत्याशियों में कई बार नोकझोंक हुई।
जिससे मतदान की गति धीमी रही। इसी तरह मदुआपुर बूथ पर एक जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी के पति तथा बूथ पर तैनात पुलिस के बीच झड़प हुई। हालांकि प्रशासन ने इस तरह की किसी भी घटना से इनकार किया है।
चारों चरणों में जिले में 55.82 प्रतिशत हुआ मतदान
जिला व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए जिले में चार चरणों में कुल 55.82 प्रतिशत मतदान हुआ। जहां प्रथम चरण में 59 प्रतिशत, दूसरे चरण में 55.59 मतदान हुआ। सबसे कम तीसरे चरण में 53.9 व चौथे चरण में 54.82 प्रतिशत मतदान हुआ।