दो समुदायों के लोगों के आमने-सामने आने की सूचना पर पहुंचे अफसर।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के कुजड़ा मोहल्ले में एक समुदाय द्वारा पैगंबर साहब की याद में बनाए गए रौजे की अनुकृति को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। मामले की सूचना पर एएसपी मुन्नालाल, एसडीएम अनिल कुमार, तहसीलदार अरविंद कुमार, सीओ सुनील सिंह मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश शुरू की।
हिंदू युवा वाहिनी के जिला कार्यसमिति सदस्य मनोज तिवारी ने कहा कि नई परंपरा की शुरुआत करते हुए कुजड़ा मोहल्ले में दरगाही के घर के समीप रौजे की अनुकृति बनाई गई है। इसकी जानकारी होने पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए। जामा मस्जिद के सदर अलताफ हुसैन के मुताबिक इस बात रौजे की अनुकृति कुछ बड़ा बन गया है, जबकि दूसरे समुदाय का कहना है कि ऐसा पहली बार किया गया है। हियुवा देवी पाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता ने कहा कि वह नगर में नई परंपरा की शुरुआत किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। उन्होंने इस मुद्दे पर एसपी से फोन पर बात भी की। बहरहाल, प्रशासन ने रौजे की अनुकृति को छोटा करवा दिया है। एसडीएम अनिल कुमार ने कहा कि मामले को शांत करा दिया गया है। दोनों पक्ष राजी हो गए है।