शोहरतगढ़। सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहीत की गई जमीन का मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने 22 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी दी। शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर लोगों ने मुआवजे का भुगतान कराने की मांग की।
प्रधान संघ के ब्लॉक उपाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, प्रधान श्याम सुंदर चौधरी, पूर्व प्रधान राममिलन चौधरी ने पीड़ित किसानों के साथ एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अरविंद कुमार को देकर समस्या समाधान की मांग की। ज्ञापन में पीड़ित किसानों ने लिखा है कि सन 1978-79 में लोक निर्माण विभाग बस्ती ने जमीन का रजिस्ट्री कराए बिना शोहरतगढ़-खुनुवां बाईपास सड़क का निर्माण करा दिया। आज तक हम लोगों को अपने जमीन का मुआवजा नहीं मिला। इसके लिए कई बार शासन-प्रशासन को लिखित रूप से अवगत भी कराया गया। पर, समाधान नहीं हुआ। इस दौरान नीबी दोहनी प्रधान कलावती देवी, रामनरेश, रिजवान, शिवकुमार, रामदीन, रामलाल, नागेंद्र चौधरी, संगीता देवी, किरन वर्मा, कमला, श्यामदुलारी, कल्पनाथ, अब्दुल हन्नान, रामकुमार, प्रेमशंकर, विक्रम प्रसाद, संजय वर्मा, राजेश चौधरी, उदयभान चौधरी आदि मौजूद रहे।
सीएम से मिलकर की मुआवजे की मांग
शोहरतगढ़। हियुवा के देवी पाटन मंडल प्रभारी/नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष गुप्ता ने शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर नगर में व्याप्त समस्याओं से संबंधित पत्र सौंपा। साथ ही 40 साल पूर्व शोहरतगढ़-खुनुवां बाईपास के निर्माण में अधिग्रहीत की गई जमीन का मुआवजा किसानों को दिलाने की मांग की।