सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय में जल्द ही दो हजार सीट की क्षमता का मल्टी ऑडियो विजुअल हाल के निर्माण के लिए हरी झंडी मिल गई है। इसके लिए 50 लाख रुपये का आवंटन हो चुका है। बीएसए कार्यालय के निकट खाली पड़ी जमीन में निर्माण कराया जाएगा। यह लगभग 6 माह में बनकर तैयार हो जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की बैठक जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू की अध्यक्षता में हुई। बताया कि खनिज फाउंडेशन न्यास की मद में 50 लाख का बजट आवंटन हुआ है। प्राप्त धनराशि से 2000 सीट की क्षमता का मल्टी आडियो विजुअल से लैस हाल का निर्माण कराया जाएगा जिसमें पेयजल, शौचालय, विद्युत व अन्य सभी प्रकार की सुविधा से युक्त रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह आधुनिक सुविधाओं से युक्तहाल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बगल में खाली मैदान में बनाया जाएगा जिसमें आशा, आंगनबाड़ी व अन्य विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। अधिशासी अभियंता लोनिवि (प्रा.ख.) ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि उक्त हाल तैयार होने में लगभग 6 माह का समय लग सकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी प्रमोद शंकर शुक्ल, उपजिलाधिकारी नौगढ़ राजेश सिंह, इटवा नंद प्रकाश मौर्य, शोहरतगढ़ सत्यप्रकाश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।