सिद्धार्थनगर। वार्षिक बजट पर चर्चा के लिए सोमवार को बुलाई गई नगर पालिका बोर्ड की बैठक का 13 सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। सदस्य हंगामा करते हुए बैठक से बाहर निकल गए और नारेबाजी करने लगे। उन्होंने चेयरमैन पर मनमानी का आरोप लगाया। उधर, नगर पालिका चेयरमैन ने बैठक का कोरम पूरा होने का दावा किया है।
वर्ष 2017-18 के आय-व्यय और वर्ष 2018-19 के अनुमानित बजट पर चर्चा के लिए सोमवार को नगर पालिका सभागार में बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी। बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने चर्चा से पहले बजट की प्रतियां उपलब्ध ने कराने पर आपत्ति जताई।
उनका कहना था कि एजेंडा तय करते समय ही उन्हें बजट की प्रति दी जानी चाहिए थी, जिससे वे आय-व्यय के स्रोतों का अध्ययन कर सुझाव या आपत्ति दर्ज करा सकें। बैठक में प्रति मिलने पर वे कोई सुझाव कैसे देंगे। उन्होंने कहा कि बजट जैसे महत्वपूर्ण विषय पर वे बिना कुछ सोचे-समझे हस्ताक्षर नहीं करेंगे। कई सदस्यों ने जिला योजना समिति के चुनाव प्रक्रिया के दौरान बैठक बुलाने पर भी आपत्ति जताई। कहा कि इसी बोर्ड का एक सदस्य जिला योजना के लिए उम्मीदवार है, ऐसे में बैठक करना उचित नहीं है।
चेयरमैन ने नियमों का हवाला देते हुए पूरी प्रक्रिया के बारे में समझाया, लेकिन बैठक स्थगित करने की मांग को लेकर 13 सदस्य सभागार से बाहर निकल गए। उन्होंने पालिका कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर विरोध भी प्रदर्शित किया। उनका कहना था कि 25 में से 13 सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। लिहाजा बैठक का कोई औचित्य नहीं है। बहिष्कार करने वालों में सभासद धनंजय सहाय, फतेहबहादुर सिंह, सूरज कुमार, अतहर हुसैन, साजिद अली, अजहर हुसैन, याकूब हाशमी, शशि श्रीवास्तव, अनीता देवी, मो.जावेद, सनवर, सलमा खातून आदि शामिल रहे।
चेयरमैन बोले: कोरम पूरा, बैठक सफल
नगर पालिका चेयरमैन श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कुछ सदस्यों ने बहिष्कार किया, जिसका बोर्ड की कार्यवाही पर कोई असर नहीं पड़ा। बहुमत के सदस्य बैठक में मौजूद रहे, जिनकी सहमति से चर्चा के बाद बजट प्रस्ताव पास कर लिया गया। वित्त वर्ष 2018-19 के लिए 7.98 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पास हुआ है। इसे शासन को प्रेषित किया जा रहा है। बैठक में ईओ शैलेंद्र कुमार गुप्ता, पालिका कर्मचारी व सभासद मौजूद रहे।