पर्चा दाखिल करने के लिए लगी सदस्य प्रत्यािश्ायों की कतार।
- फोटो : amarujala
सिद्धार्थनगर। निकाय चुनाव में नामांकन के चौथे दिन भी सदर नगर पालिका व शोहरतगढ़ नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर नामांकन का खाता नहीं खुल सका। इस पद के लिए मंगलवार को सिर्फ डुमरियागंज से एक नामांकन पत्र जमा हुआ। नामांकन केक चार दिन बीतने के बाद भी जिले की छह निकायों से अध्यक्ष के लिए सिर्फ पांच फार्म जमा हुए। उधर, सभासद पद के लिए 112 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं। इसमें 81 फार्म मंगलवार को जमा हुए। बुधवार को नामांकन में तेजी आने की उम्मीद है।
तीसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए शनिवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में अब तक कोई खास रुझान नहीं दिखा है। सपा को छोड़ किसी भी अन्य दल का टिकट तय न होने से सन्नाटा छाया हुआ था। मंगलवार को भाजपा का टिकट फाइनल होने के बाद बांसी व सदर से प्रत्याशी नामांकन पत्र तो लेने पहुंचे, मगर अंतिम समय बीतने तक किसी ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया। निर्वाचन कंट्रोल रूम के अनुसार चौथे दिन सदर से अध्यक्ष पद के लिए चार फार्म खरीदे गए, जबकि सभासद के लिए 32 नए दावेदारों ने फार्म लिया। 19 उम्मीदवारों ने सभासद पद के लिए नामांकन भी किया। उसका बाजार, बांसी, बढ़नी व शोहरतगढ़ में अध्यक्ष के लिए किसी ने फार्म जमा नहीं किया। शोहरतगढ़ तहसील कार्यालय में बने नामांकन केंद्र पर अध्यक्ष पद के तीन पर्चे व बढ़नी में 10 फार्म खरीदा गया। दोनों ही निकायों में नामांकन शून्य रहा। सदस्य पद पर शोहरतगढ़ में आठ लोगों ने पर्चा खरीदा और 10 उम्मीदवारों ने नामांकन किया, जबकि बढ़नी में सदस्य पद के कुल 26 पर्चे बिके और दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इस दौरान तहसील में गहमागहमी का माहौल बना रहा। एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह व जुबेर बेग समेत सीओ शिव सिंह, एसओ शमशेर बहादुर सिंह की निगरानी में शांति पूर्ण ढंग से नामांकन कार्य चल रहा है।