सिद्धार्थनगर। उसका विकास क्षेत्र स्थित सोहांस खास के टोला डिहवा निवासियों ने मुख्यमंत्री, सांसद व सदर विधायक को पत्र भेज कर कूड़ा नदी से हो रहे कटान की शिकायत की है। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पूरब सिंचाई विभाग का बांध है। कूड़ा नदी पहले बांध से सौ मीटर की दूरी पर बहा करती थी। लगातार कटान होने से अब नदी बांध के एकदम करीब पहुंच गई है। नदी के कटान के चलते गांव के हीरा, सुकई, रामकरन, मिसलाल, गिरधारी, बजरंगी का खेत और रियासत, मुर्तजा मास्टर, मुस्तफा, यूनुस, अतीउल्लाह, नईमुल्लाह, सफीउल्लाह, मोल्हू व इंसाफ अली आदि के बगीचे के सैकड़ो पेड़ नदी में समा गए हैं। कटान रोकने का कोई उपाय न होने से अब नदी बांध के एकदम करीब पहुंच गई है। जिससे बांध को खतरा पैदा होने के साथ गांव पर भी संकट मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही है। उन्होंने कटान रोकने की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।