हरैया माइनर कटने से गेहूं की 25 बीघा फसल डूबी
- जोगिया ब्लॉक क्षेत्र के देवरा बाजार होते हुए हरैया तक जाती है माइनर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिया। बाणगंगा नहर से निकली हरैया माइनर हरैया गांव के पास मंगलवार रात कट गई। नहर के कट जाने से किसानों की 25 बीघा से अधिक गेहूं की फसल डूब गई। इससे किसानों में आक्रोश है, उनका कहना है कि जब पानी की जरूरत थी तो छोड़ा नहीं गया। अब नहर में पानी छोड़ देने से बहुत नुकसान हो रहा है।
बाणगंगा नहर से जोगिया ब्लॉक क्षेत्र की हरैया माइनर से 50 से अधिक गांव के हजारों किसानों की फसल की सिंचाई होती है। गेहूं की सिंचाई के लिए माइनर में पिछले कई दिनों से पानी चल रहा है। मंगलवार रात हरैया गांव के पास नहर कट गई। रात में 25 बीघा से अधिक फसल डूब गई। सुबह जब किसान खेत की ओर गए तो उनके होश उड़ गए। किसी तरह से नहर को बांधा गया, तब जाकर किसानों ने राहत की सांस ली। हरैया निवासी किसान पंचम ने बताया कि नहर कहीं पर कट गई है, इस लिए सारा पानी पोखरे में आकर भर गया है। पोखरा से उफनाकर खेतों में भर गया है। लगभग 25 बीघा फसल पानी में डूब गई है। जय प्रकाश, सुधा देवी ने कहा कि नहर की सफाई करके पानी छोड़ दिया गया है। लेकिन, यह नहीं देखा गया कि नहर कहीं कटी हुई तो नहीं है। इसलिए खेतों में पानी भर गया है। इससे फसल सड़ जाएगी। किसान सीताराम, शिव पूजन जायसवाल, गुड्डू तिवारी, लक्ष्मी जायसवाल, पलटू, बैजनाथ की फसल का नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान अब्दुल कयूम ने बताया कि करीब 25 बीघा के ऊपर फसल डूब गई। यह नहर विभाग की लापरवाही है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आरके नेहरा ने बताया कि मामले को दिखवाकर समस्या का निदान कराया जाएगा।