दीपोत्सव की धूम बाजार में अभी से दिखने लगी है। त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। सबसे ज्यादा रंगत ऑटो मोबाइल्स व इलेक्ट्रानिक्स बाजार में है।
शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए लोग अभी से अग्रिम बुकिंग कराने लगे हैं। अकेले धनतेरस के लिए ही अब तक साढ़े चार सौ से अधिक टू व्हीलर की बुकिंग कराई गई है। यह सिलसिला लगातार जारी है।
अनुमान के मुताबिक धनतेरस पर सात सौ से अधिक बाइक की बिक्री होगी।पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत 9 नवंबर को धनतेरस के साथ होगी।
पहले दिन आयुर्वेद के जनक धनवंतरी और धन की देवी लक्ष्मी की पूजा का विधान है। यह भी मान्यता है कि इस दिन धातु से बने सामानों की खरीदारी शुभ होती है।
बर्तन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रानिक्स उपकरण व ऑटोमोबाइल्स की बिक्री सर्वाधिक होती है। नगर के ऑटो मोबाइल्स विक्रेताओं के अभी से खरीदारों की भीड़ पहुंच रही है। बजाज की 100, हीरो की 150, टीवीएस की 100 और होंडा की 150 बाइक की बुकिंग अब तक हो चुकी है।
एजेंसी संचालकों के मुताबिक मनपंसद कलर व डिजाइन के लिए खरीदार अग्रिम बुकिंग करा रहे हैं। टीवीएस एजेंसी के डीलर एसपी अग्रवाल ने बताया कि डिमांड को देखते हुए पर्याप्त बाइक मंगा ली गई है। बुकिंग से दोगुने की बिक्री का अनुमान है।