सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जनपद के तीनों केंद्रों पर मंगलवार को भी कॉपियों की जांच हुई। शुरुआती दौर से ही लगातार परीक्षकों की अनुपस्थिति के कारण कार्य की रफ्तार काफी धीमी पड़ रही है।
जिले में कुल 3,38,937 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए मिली हैं। 44,077 की जांच की जा चुकी है। इनमें हाईस्कूल की 1,41,294 व इंटरमीडिएट की 62,616 कॉपियां शामिल हैं। सबसे बड़ी समस्या परीक्षकों की अनुपस्थिति है। मंगलवार को भी 920 परीक्षक ड्यूटी से नदारद पाए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को शिवपति इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ में हाईस्कूल की 1,10,983 कॉपियों के सापेक्ष 14,470 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच हुई। यहां तैनात 582 परीक्षकों में से 312 अनुपस्थित रहे, जिससे कार्य प्रभावित हुआ।
वहीं, तिलक इंटर कॉलेज में 1,07,543 कॉपियों में से केवल 14,817 कॉपियां जांची जा सकीं। इस केंद्र पर 581 में से 306 परीक्षक अनुपस्थित पाए गए। शिवपति इंटर कॉलेज में स्टेटिक मजिस्ट्रेट दयाशंकर यादव, उप नियंत्रक विक्रम यादव, सह उप नियंत्रक रामविलास यादव, प्रमोद पाल, प्रमोद कुमार यादव, राम प्रताप सिंह, रामानंद चौधरी की देखरेख में मूल्यांकन कार्य संपन्न हुआ। इसी तरह रतनसेन इंटर कॉलेज, बांसी में इंटरमीडिएट की 1,20,411 कॉपियों के सापेक्ष 14,790 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया, जबकि यहां 568 में से 302 परीक्षक अनुपस्थित रहे। लगातार बड़ी संख्या में परीक्षकों की गैरहाजिरी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि मूल्यांकन कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है।